संकिसा। बौद्ध धर्म की ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक नगरी संकिसा में 25 और 26 अक्टूबर 2026 को 86वां बुद्ध महोत्सव (बौद्ध मेला) आयोजित किया जाएगा। धम्मालोको बुद्ध विहार प्रबंधन सेवा ट्रस्ट एवं उसकी सहयोगी संस्थाओं की ओर से आयोजित इस महोत्सव का आयोजन धम्मालोको बुद्ध विहार प्रांगण में होगा। आयोजकों के अनुसार संकिसा बौद्ध जगत के आठ प्रमुख बौद्ध तीर्थ स्थलों में से एक है और फर्रुखाबाद जनपद की सीमाओं पर काली नदी के तट पर स्थित है। मान्यता के अनुसार तथागत गौतम बुद्ध अभिधम्म पूर्णिमा के दिन देव लोक से संकिसा में अवतरित हुए थे और इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए यहां प्रतिवर्ष बुद्ध महोत्सव का आयोजन किया जाता है। आयोजन में देशभर से बौद्ध अनुयायियों, भिक्षुओं, उपासक-उपासिकाओं और श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। 25 अक्टूबर को भिक्षुओं के भोजन एवं पूजा कार्यक्रम के साथ दोपहर 12 बजे से सम्मेलन, दोपहर 2 बजे तक संचालन तथा शाम 5 बजे से धम्म सभा आयोजित होगी, जिसमें देश के प्रमुख बौद्ध विद्वानों के उद्बोधन के साथ बुद्ध नाटक भी प्रस्तुत किया जाएगा। 26 अक्टूबर को सुबह 7 बजे से धम्म यात्रा, स्तूप पूजा एवं पवित्र चीवर दान का कार्यक्रम होगा, जबकि सुबह 10:30 बजे से आम सभा और शाम तक धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। रात 9 बजे से अगले दिन सुबह तक बुद्ध के जीवन पर आधारित नाटक का आयोजन भी प्रस्तावित है। भिक्षु सम्मेलन में भदंत आनंद महाथेरा (आगरा), भदंत नन्दरत्न महाथेरा (कुशीनगर) और प्रो. भिक्षु उपनन्द (लखनऊ) सहित अन्य बौद्ध भिक्षुओं के आमंत्रित होने की जानकारी दी गई है। मेले के सक्रिय सदस्यों में रामसेवक शाक्य, पवन प्रधान, डॉ. देवेश शाक्य, सुनील एकबोटे, संतोष कुमार, डॉ. कप्तान सिंह गुडि़या, सोनू राजपूत, रविंद्र सिंह सरार, गोविंद प्रधान सिसोदिया सहित अन्य लोग शामिल हैं। मुख्य आयोजक संस्था धम्मालोको बुद्ध विहार सेवा ट्रस्ट एवं सहयोगी संस्थाओं की ओर से कार्यक्रम को सफल बनाने की तैयारियां की जा रही हैं।
Published By
arpitshakya
Admin